19वां गुट निरपेक्ष शिखर सम्मेलन अजरबैजान के बाकू में आयोजित किया गया

19वां गुट निरपेक्ष शिखर सम्मेलन (19th Non Aligned Movement Summit Baku, Azerbaijan) अजरबैजान के बाकू में 25-26 अक्टूबर को आयोजित किया गया. उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू इस सम्मलेन में भारत का प्रतिनिधित्व किया. इस वर्ष सम्मेलन का थीम ‘समकालीन विश्व की चुनौतियों के समाधान के लिए बाण्डुंग सिद्धांतों का अनुपालन’ था.

सम्मलेन में सदस्य देशों के बीच विश्व शांति, सुरक्षा, सह-अस्तित्व और पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा हुई. भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दुनियाभर के देशों के सामने पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को प्रश्रय दिए जाने की निंदा की. उपराष्ट्रपति ने गुटनिरपेक्ष देशों के संगठन से अपनी प्रसंगिकता बनाए रखने के लिए बदलती वैश्विक चुनौतियों के अनुसार अपना फोकस भी बदलने की बात कही.

इससे पहले तीन दिवसीय दौरे पर अज़रबैजान गये उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को सम्मेलन से पहले ईरान, नेपाल और बांग्लादेश के नेताओं से मुलाकात की. वेंकैया नायडू ने महात्मा गांधी की 150 वीं जयन्ती पर डाक टिकट जारी करने के लिए अजरबैजान को धन्यवाद दिया.

गौरतलब है कि NAM में दुनिया के 120 देश शामिल हैं. पिछली बार वेनेजुएला में 2016 में ये सम्मेलन हुआ था. भारत गुटनिरपेक्ष आंदोलन का संस्थापक सदस्य रहा है. गुटनिरपेक्ष आंदोलन का जन्म तब हुआ था, जब दुनिया पूरी तरह से अमेरिकी और पू्र्व सोवियत खेमे में बंटी थी.