बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी को पुनः शामिल करने के लिए भारत से प्रस्ताव माँगा गया

राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (CGF) ने 2022 में होने वाले बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी को पुनः शामिल करने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) से प्रस्ताव माँगा है. म्यूनिख में राष्ट्रमंडल खेल महासंघ और अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ की बैठक के बाद यह प्रस्ताव आया है.

2022 के राष्ट्रमंडल खेलों से निशानेबाजी को बाहर किये जाने पर भारत के कड़े विरोध के बाद ये प्रस्ताव दिया गया है. इस प्रस्ताव को जनवरी के प्रारंभ में राष्ट्रमंडल खेल महासंघ की खेल समिति के सामने पेश करने को कहा गया है, जिसे मंजूरी के लिए इसकी कार्यकारी समिति को भेजा जायेगा.

भारतीय ओलंपिक संघ ने निशानेबाजी को राष्ट्रमंडल खेलों से हटाए जाने के विरोध में इन खेलों से हटने की धमकी दी थी. राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने निशानेबाजी में हमेशा काफी पदक जीते हैं. 2018 में गोल्ड कोस्ट में संपन्न हुए पिछली राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने सात स्वर्ण सहित 16 पदक निशानेबाजी में जीते थे.