राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कारों की घोषणा: रोहित शर्मा सहित 5 खिलाड़ियों को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार

खेल मंत्रालय ने 21 अगस्त को राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कारों (National Sports Awards) 2020 की घोषणा की. इन पुरस्‍कारों की घोषणा खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय चयन समिति के सिफारिश पर की गयी है. समिति में पूर्व क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग और पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी शामिल थे. समिति ने इस वर्ष 5 खिलाड़ियों को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार और 29 खिलाड़ियों की अर्जुन पुरस्कार देने की सिफारिश की थी.

खेल रत्न के लिए 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019 की उपलब्धियों पर विचार किया गया. पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को 29 अगस्त को खेल दिवस पर इन पुरस्कारों से सम्मानित किया जायेगा. हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन 29 अगस्त को देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है.

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार

इस वर्ष क्रिकेटर रोहित शर्मा, पहलवान विनेश फोगाट, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और पैरा ऐथलीट मरियप्पन थंगवेलु को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा.

राजीव गान्धी खेल रत्न पुरस्कार देश का सबसे बड़ा खेल सम्मान है. इस पुरस्कार की शुरुआत 1991–92 में हुई थी. इस पुरस्कार के विजेता को ₹7.5 लाख रुपये पुरस्कार राशि के रूप में मिलते हैं.

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्तकर्ता

रोहित शर्मा: रोहित को उनकी शानदार बल्लेबाजी के कारण इस पुरस्कार के लिए चुना गया है. 33 वर्षीय रोहित खेल रत्न पाने वाले केवल चौथे क्रिकेटर हैं. उनसे पहले सचिन तेंडुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली को यह सम्मान दिया जा चुका है. तेंडुलकर पहले भारतीय क्रिकेटर थे जिन्हें 1998 में खेल रत्न पुरस्कार दिया गया था. धोनी को 2007 और कोहली को 2018 में भारोत्तोलक मीराबाई चानू के साथ यह पुरस्कार मिला था.

विनेश फोगाट: विनेश को 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और 2019 में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने के लिए यह पुरस्कार दिया गया.

मरियप्पन थंगवेलु: मरियप्पन थंगवेलु को 2016 रियो ओलिंपिक खेलों में T42 ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतने के लिए पुरस्कार दिया गया है.

मनिका बत्रा: टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका के नाम की सिफारिश 2018 में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए की गई है. उन्होंने उस वर्ष राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था.

रानी रामपाल: रानी रामपाल तीसरी महिला और पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं जिनके नाम की सिफारिश इस सम्मान के लिए चुना गया है. रानी से पहले धनराज पिल्लै (2000) और सरदार सिंह (2017) को खेल रत्न पुरस्कार मिला था. रानी की अगुवाई में भारतीय टीम ने महिला एशियाई कप 2017 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की तथा 2018 में एशियाई खेलों में रजत पदक जीता.

अर्जुन पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कार

अर्जुन पुरस्कार के लिए 27 नामो की सिफारिश की गई है, जिसमे उभरती युवा महिला पहलवान दिव्या काकरान का नाम भी शामिल है. हॉकी कोच रमेश पठानिया समेत आठ प्रशिक्षकों को आजीवन योगदान के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.